कोटपूतली स्थित सरूण्ड थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन वर्षीय बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को पड़ोसी के घर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त आरोपी को पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।

थानाधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि बालिका अपनी बुआ के घर आई हुई थी। खेलते-खेलते वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र, खेतों, कुओं और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बालिका के फूफा ने सरूण्ड थाने में सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरड़क और एसएचओ यशपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विशेष टीम का गठन कर ग्रामीणों व परिजनों के सहयोग से खेतों, कुओं, बावड़ियों और खंडहरनुमा मकानों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अलवर से डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसी संदीप सैन उर्फ आलू पर संदेह हुआ, जो घटना वाले दिन सुबह परिवादी के घर गया था। देर रात पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो वह शराब के नशे में कमरे के बाहर मिला। कमरे की तलाशी लेने पर बेड बॉक्स के अंदर बालिका लेटी हुई मिली। पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षित बाहर निकालकर राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने आरोपी संदीप सैन (35) पुत्र मुन्नालाल नाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं पोक्सो एक्ट की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अपहरण और लैंगिक अपराध से संबंधित गंभीर प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर हर पहलू से जांच की जा रही है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आरोपी पेशे से हेयर ड्रेसर बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। हालांकि पुलिस की तत्परता से मासूम की जान सुरक्षित बच गई। जिला पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।



