कस्बे के निकटवर्ती ग्राम टसकोला से रविवार को 5वीं विशाल पदयात्रा भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ श्रद्धापूर्वक रवाना हुई। यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु हाथों में ध्वज पताका लिए पैदल चलते हुए भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। कई श्रद्धालु डीजे की धुनों पर भजन गाते हुए यात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरे मार्ग में धार्मिक माहौल बना रहा।

यह पदयात्रा पावटा में राजमार्ग की सर्विस लाइन से होते हुए प्रागपुरा, जोधपुरा और मंढा मार्ग से गुजरती हुई अंत में ग्राम कारोली स्थित भैरू बाबा मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए मीठे पानी और अल्पाहार की व्यवस्था की गई। वहीं कई जगह श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया, जिससे पदयात्रियों का उत्साह और बढ़ गया।
कमेटी के सदस्य शंकरलाल भगत, बाबूलाल, जयराम, ओमप्रकाश, राजू ठेकेदार, मनोज और नानूराम ने बताया कि यह पदयात्रा हर वर्ष श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।



