अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी महाविरोध कार्यक्रम के तहत पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इन्द्राज सिंह गुर्जर के नेतृत्व में सोमवार, 2 फरवरी को कोटपूतली नगर परिषद कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में केंद्र की भाजपा सरकार पर आरएसएस के छिपे एजेंडे के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने और महात्मा गांधी के नाम को हटाने की साजिश का आरोप लगाया गया।

धरना स्थल पर “मनरेगा बचाओ संग्राम” के बैनर तले जुटे नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। जिलाध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने इसे मजदूर, किसान और ग्रामीण गरीबों की आजीविका की गारंटी बताया।

संगठन महामंत्री वी.के. नवल ने जानकारी दी कि धरना प्रदर्शन को पूर्व कैबिनेट मंत्री शकुन्तला रावत, मुंडावर विधायक ललित यादव, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, पूर्व विधायक रामचंद्र रावत, बलजीत यादव, संजय यादव, डॉ. आर.सी. यादव, प्रकाश चंद सैनी, हनुमान सैनी, राजेंद्र सिंह मीणा, जगदीश मीणा, रमेश गुप्ता, डॉ. अभिलाष मीणा, एडवोकेट बजरंग लाल शर्मा सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

धरने में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर महिलाएं नारेबाजी करते हुए शामिल हुईं। विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, मंडल व बूथ अध्यक्ष तथा सैकड़ों कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों से पहुंचे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद सैनी एवं एडवोकेट बजरंग लाल शर्मा द्वारा संभाली गईं।




