पावटा–प्रागपुरा नगरपालिका शहरी क्षेत्र के प्रागपुरा की ढाणी ज्याजावाली–सकड़ीवाली में खेतों के बीच खुले मुंह पड़े एक पुराने गहरे कुएं को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा और सराहनीय निर्णय लिया। संभावित खतरे को देखते हुए सर्वसम्मति से कुएं को मिट्टी डालकर बंद किया गया और उसी स्थान पर भगवान शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा करवाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इसके लिए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चंदा एकत्रित किया।

इस निर्णय के बाद मंगलवार को नागाजी मंदिर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर की मंढी से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा प्रागपुरा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई ढाणी ज्याजावाली–सकड़ीवाली पहुंची। विभिन्न पारंपरिक परिधानों में सजी करीब 251 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शिव भजनों की धुन पर नाचती-गाती श्रद्धा के साथ शामिल हुईं।

एलबीएस कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष संजय सैनी ने इस अवसर पर कहा, ग्रामीणों ने जिस एकजुटता के साथ पहले सुरक्षा का ध्यान रखते हुए खुले कुएं को बंद किया और अब उसी स्थान को आस्था का केंद्र बनाने का निर्णय लिया है, यह सामाजिक जागरूकता और धार्मिक भावना का अद्भुत उदाहरण है।

मोतीराम सैनी व भरताराम सैनी ने बताया कि शनिवार 07 फरवरी को विधिवत मंत्रोच्चार के साथ शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके बाद प्रसादी वितरण और धमाल कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इस दौरान रामजीलाल सैनी, बाबूलाल सैनी, धर्मचंद सैनी, सुरेश चौधरी, गाडाराम सैनी, किशन लाल सैनी, मातादीन सैनी, मनोज स्वामी, बनवारी लाल, महावीर सैनी, भैरूराम सैनी, हरिसिंह सैनी, रामचंद्र सैनी, मनोज सैनी, अशोक सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



