क्षेत्र के ग्राम बड़नगर स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में श्री श्याम शक्ति मण्डल के तत्वावधान में श्री श्याम प्रभु का 33वां वार्षिक महोत्सव एवं विराट भजनामृत गंगा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। बस स्टैंड स्थित मंदिर प्रांगण में रात्रि 8 बजे से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अखण्ड ज्योति प्रज्वलन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जो पूज्य श्री ज्ञानदास जी महाराज के करकमलों द्वारा संपन्न किया गया। इसके पश्चात आरती, छप्पन भोग एवं प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में सजी नयनाभिराम झांकियों और अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

भव्य जागरण में चिराग महाकाली आर्ट ग्रुप महेन्द्रगढ़ (रेवाड़ी) एवं रफीक एंड म्यूजिकल ग्रुप भांकरी द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। रामप्रकाश शाहपुरा द्वारा सुसज्जित श्याम बाबा का दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
भजन संध्या में गायक कलाकार नरेश सिंह शेखावत (सीकर), बाल कलाकार निव्या शर्मा (जयपुर), कमलेश प्रजापति (झुंझुनू), खुशबू राठौड़ (जयपुर), सीमा शेखावत (जयपुर), धर्मेन्द्र शर्मा, रमेश जिंदल बबलू, विनोद बंसल (कोटपूतली), दाताराम गुरूजी एवं हरि कृष्ण शर्मा (कूजोता) ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सुंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 33वीं पदयात्रा 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे बड़नगर से खाटूश्याम के लिए रवाना होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्यजन व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विशेष आग्रह गोपाल मंदिर बड़नगर के श्री धीरमदास जी महाराज एवं श्री वेणी प्रसाद जी मंगल (पाथरेड़ी) का रहा। पूरा मंदिर परिसर “श्याम नाम” की गूंज से गुंजायमान रहा और भक्तों ने भजनामृत गंगा में डुबकी लगाकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।



