पावटा कस्बे में स्वर्णकार समाज के साथ विश्वासघात का गंभीर मामला सामने आया है। मैड क्षत्रिय सर्वणकार समाज के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने प्रागपुरा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर फरार कारीगर के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा आभूषण बरामद कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी कोकन बंगाली पिछले लगभग 15 वर्षों से पावटा में रहकर स्वर्ण कारीगरी का कार्य कर रहा था। स्थानीय स्वर्णकार समाज के सदस्य नियमित रूप से उसे आभूषण निर्माण हेतु सोना सौंपते रहे हैं। आरोप है कि गत रात्रि लगभग 2 बजे के बाद वह यहां से सोना व तैयार आभूषण लेकर फरार हो गया।
पीड़ित स्वर्णकारों के अनुसार श्रवण कुमार सोनी के 42 ग्राम, नन्द किशोर सोनी के 122 ग्राम, भौनावास निवासी पवन कुमार सोनी के 200 ग्राम, वंदना सोनी के 15 ग्राम, ललाना निवासी सुधीर सोनी के 93 ग्राम, अभिषेक सोनी के 25 ग्राम, संतोष कुमार सोनी के 47.200 ग्राम, पावटा निवासी मोहन लाल सोनी के 61 ग्राम सोना एवं 7 लाख रुपये, सियाराम सोनी के 30 ग्राम, महेश गोविंद सोनी के 10 ग्राम, अनिश बंगाली के 3.250 ग्राम तथा हबीब बंगाली के 600 ग्राम सोना उसके पास था।
समाज अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने कहा कि वर्षों से विश्वास के आधार पर कार्य चल रहा था, लेकिन इस घटना से समाज को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी, आभूषणों की बरामदगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।
प्रागपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्वर्णकार समाज में रोष व्याप्त है और सभी पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



