कोटपूतली कस्बे के अग्रसेन भवन में अग्रवाल समाज समिति द्वारा प्रतिभावान छात्रा आरुषि अग्रवाल का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आरुषि ने गुजरात ज्यूडिशियल सर्विसेज परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने आरुषि अग्रवाल का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। साथ ही उनके माता-पिता एडवोकेट नरेंद्र गुप्ता एवं एडवोकेट बबीता गुप्ता को भी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान आरुषि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत करने का संदेश भी दिया।

इस मौके पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष एड. योगेश शरण बंसल, उपाध्यक्ष कुलदीप बंसल, कोषाध्यक्ष नृसिंहदास अग्रवाल, मीडिया प्रभारी हेमंत मोरीजावाला सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लेकर प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया।




