प्रागपुरा कस्बे में पिछले करीब एक सप्ताह से नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। होली के बाद से ही कस्बे के मुख्य बाजार सुभाष चौक, गोगाजी मंदिर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, होली चौक, रामलीला मैदान सहित विभिन्न वार्डों में कचरा और गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके से सामने आई तस्वीरों में भी सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी व कचरे के ढेर साफ नजर आ रहे हैं।

प्रागपुरा कस्बा घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के साथ नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा शहरी क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था चरमराई हुई दिखाई दे रही है। कई जगहों पर नालियां ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर सफाई नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि कस्बे में कचरे के ढेर कई दिनों से पड़े हुए हैं, लेकिन अभी तक नगरपालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कस्बेवासियों ने नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के अधिशासी अधिकारी (ईओ) फतेहसिंह मीणा से मांग की है कि कस्बे में सफाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त कर नियमित रूप से कचरा उठवाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और कस्बे में स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो सके।




