जिले के बानसूर कस्बे के बाईपास रोड स्थित सेंट जेवियर स्कूल में गुरुवार को ‘उड़ान महोत्सव’ उत्साह और प्रेरणा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई रहे।

एसपी बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों की पालना करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य बलराम दास ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूल चेयरमैन डॉ. आर.सी. यादव और निदेशक अशोक कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर बानसूर डीएसपी मेघा गोयल ने संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. विजय पाल यादव ने गीता के उपदेशों को जीवन में उतारने की बात कही, जबकि डॉ. अजय गुर्जर ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। बानसूर थाना अधिकारी राजेश कुमार यादव, पूर्व सीबीईओ मनोज शेखावत और पूर्व सरपंच नरेश यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अभिभावक, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच संचालन नरेश कुमार सैनी ने किया।



