मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025 के तहत क्षेत्र में ढांचागत विकास को गति देते हुए शनिवार को विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में भव्य शिलान्यास समारोह आयोजित हुआ। विधायक ने NH-48 रिलायंस पेट्रोल पंप (लाडाकाबास) से तलियारा होते हुए तुलसीपुरा तक बनने वाली सड़क का विधिवत पूजन कर आधारशिला रखी।

करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क 7.5 मीटर चौड़ाई के साथ आधुनिक मानकों पर तैयार की जाएगी। मार्ग के निर्माण से लाडाकाबास, तलियारा, तुलसीपुरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बेहतर व सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार, आवागमन और आपात सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुलदीप धनखड़ ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

शिलान्यास समारोह में विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश गिठाला, बालाजी मंडल अध्यक्ष विरेन्द्र राठी, लाडाकाबास पूर्व सरपंच मदन यादव, भाजपा नेता हरिराम चोरिया, लाडाकाबास उपसरपंच जयराम यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने विकास कार्य के लिए विधायक व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।



