कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिले में 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य समारोह एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

समिति के संयोजक एडवोकेट सुबेसिंह मोरोड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद राव राजेन्द्र सिंह होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक हंसराज पटेल करेंगे। समारोह में पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, पूर्व विधायक इंदाज सिंह गुर्जर तथा राष्ट्रीय गुजरात अवार्ड से सम्मानित पूर्व आईआरएस डॉ. डी.आर. रैवाला बतौर अति विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे, जिनमें पूर्व प्रधान मीना कुमारी, पूर्व संयुक्त निदेशक आर.एस. झांजरिया, एलबीएस कॉलेज के प्राचार्य आर.के. सिंह, तहसीलदार अनिल कुमार, चयनित आईएएस हिमांशु निमोरिया, लेखक रतन कुमार सामरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
आयोजन समिति द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। प्रचार समिति प्रभारी हरिपाल वर्मा के नेतृत्व में टीमें लगातार जनसंपर्क में जुटी हुई हैं। समारोह के दौरान सत्र 2025-26 में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, साथ ही NEET, IIT, NMMS एवं राजकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
पात्र अभ्यर्थियों से 12 अप्रैल तक अपने प्रमाण पत्र निर्धारित स्थानों पर जमा कराने की अपील की गई है। कार्यक्रम में बाबा साहब के जीवन और विचारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिसमें फिरोज खान, सुभाष चन्द्र आर्य और मोहन लाल की टीम द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं, जिससे यह समारोह सामाजिक समरसता, शिक्षा और प्रेरणा का संदेश देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनने की ओर अग्रसर है।


