कोटपूतली-बहरोड़ जिले में नेशनल हाईवे-48 पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जैनपुरवास कट के समीप ट्रेलर और ट्रोले की आमने-सामने भिड़ंत के बाद ट्रोले में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि यादव के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रोले का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। भिड़ंत के तुरंत बाद केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने और चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास नहीं पहुंच पाया। बताया जा रहा है कि चालक की चीखें काफी देर तक सुनाई देती रहीं, लेकिन अंततः उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रोला पूरी तरह जल चुका था। हादसे के कारण हाईवे-48 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने क्रेन की सहायता से जले हुए वाहनों को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।


