कोटपूतली–बहरोड़ (राजेश कुमार हाडिया)। जिले में मादक पदार्थ माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरोड़ थाना पुलिस एवं कोटपूतली ए.जी.टी.एफ. टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 06 जनवरी 2026 को बहरोड़ थानाधिकारी विक्रांत शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में बहरोड़ थाना पुलिस बल एवं ए.जी.टी.एफ. कोटपूतली टीम ने जीतराम नगर, बहरोड़ स्थित एक मकान पर सूचना के आधार पर दबिश दी। मौके पर शुभम पुत्र राजेन्द्र मेघवाल, उम्र 18 वर्ष 4 माह, निवासी दुलोठ अहीर, थाना सदर महेन्द्रगढ़, जिला महेन्द्रगढ़ (हरियाणा), हाल निवासी किरायेदार, ट्रक यूनियन के पास बहरोड़ को संदिग्ध अवस्था में पाया गया।
मकान के कमरे की तलाशी लेने पर 17 पैकेटों में कुल 35.474 किलोग्राम गांजा तथा आरोपी के कब्जे से अलग से 0.428 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 35.902 किलोग्राम गांजा पुलिस द्वारा जब्त किया गया। साथ ही गांजे की बिक्री से संबंधित 2910 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके पर ही अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना बहरोड़ पर मुकदमा संख्या 10/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले का अनुसंधान किरण सिंह, पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी पुलिस थाना माढ़ण द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।



