जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार अल सुबह जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। प्लाईबोर्ड से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पलट गया, लेकिन गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यमुनानगर से प्लाईबोर्ड लेकर मुंबई जा रहा ट्रेलर अपनी लेन में धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने साइड दबा दी, जिससे ट्रेलर चालक संतुलन खो बैठा और वाहन मंगल्याली प्याऊ स्थित होटल “पावटा-शाहपुरा” के सामने डिवाइडर पार कर दिल्ली-जयपुर मार्ग की दूसरी ओर पलट गया। हादसे में चालक और सहचालक को हल्की चोटें आईं है।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत अन्य वाहन से कोटपूतली इलाज के लिए भेजा। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित रहा। बाद में ट्रेलर में लदे प्लाईबोर्ड को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया तथा क्रेन की सहायता से पलटे ट्रेलर को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया, जिससे यातायात सुचारु हो सका।



