हाल ही में बीकानेर जिले में कक्षा 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से विद्यालय जा रही 13 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर निर्मम हत्या किए जाने की घटना से प्रदेशभर में भारी रोष व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना ने कानून-व्यवस्था और बालिका सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसी क्रम में पावटा क्षेत्र के बड़नगर निवासी एवं श्री नारायणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि सेन ने भजन लाल शर्मा तथा अमित शाह के नाम ज्ञापन प्रेषित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ एक सदस्य को सरकारी नौकरी अथवा डेयरी बूथ आवंटित करने तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी की गई है। रवि सेन ने कहा कि ऐसी जघन्य घटनाएं समाज को झकझोर देती हैं और यदि दोषियों को त्वरित एवं कठोर दंड नहीं मिला तो आमजन का कानून व्यवस्था से विश्वास कमजोर होगा।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय एवं समुचित सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। प्रदेशभर में सामाजिक संगठनों और आमजन द्वारा भी दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।



