कोटपूतली-बहरोड़ (राजेश कुमार हाडिया)। प्रागपुरा थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रामपुरा के बनाड़ी बांध क्षेत्र में देर रात खनन में प्रयुक्त कई मशीनों और वाहनों को जब्त किया। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में 5 एलएनटी (पोकलेन) मशीनें, 2 ट्रेलर और 2 डम्पर को जब्त किया गया।

यह कार्रवाई कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई (आईपीएस) और एएसपी नाजिम अली खान के सुपरविजन में कोटपूतली डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरडक के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान स्वयं पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीमों ने बनाड़ी बांध, रामपुरा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस और माइनिंग टीम को देखकर वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहनों में भरी बजरी को रास्ते में ही खाली कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सभी मशीनों और वाहनों को डिटेन कर लिया।
इस संबंध में सहायक खनिज अभियंता अमीचंद दुहारिया ने प्रागपुरा थाने में अवैध खनन का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि जब्त वाहनों पर उनकी पंजीकरण अवधि के आधार पर जुर्माना लगाया जाएगा। नियमानुसार पांच वर्ष तक पुराने वाहनों पर पांच लाख रुपए तथा इससे अधिक पुराने वाहनों पर तीन लाख रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में नहीं बख्शा जाएगा।
वहीं, अवैध बजरी खनन की सूचना समय पर अधिकारियों तक नहीं पहुंचाने और मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में बीट कांस्टेबल शीशराम और आसूचना अधिकारी रितेश को निलंबित कर दिया गया है, साथ ही मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम, भाभरू थानाधिकारी रामकिशोर, सरूंड थानाधिकारी यशपाल, बानसूर थाना प्रभारी राजेश कुमार, विराटनगर थाना प्रभारी सोहनलाल, हरसौरा थानाधिकारी रोहिताश सहित विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी शामिल रहे।



