पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सोमवार को जिला पुलिस द्वारा कोटपूतली-बहरोड़ की जिला कारागृह में औचक निरीक्षण किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई एसडीएम रामावतार मीणा की मौजूदगी में डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरडक के नेतृत्व में की गई।

निरीक्षण के लिए कोटपूतली थाना प्रभारी राजेश कुमार शर्मा, महिला थानाधिकारी किशन लाल सहित सरूण्ड और पनियाला थानों के पुलिस जाप्ते को शामिल करते हुए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने एक साथ जिला कारागृह पहुंचकर जेल परिसर का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस टीमों ने जेल में बंद विचाराधीन कैदियों के रहने के लिए बनी बैरकों और पूरे जेल परिसर की सघन तलाशी ली। इस दौरान जेल में निरुद्ध 163 विचाराधीन बंदियों से भी वार्ता कर उनसे विभिन्न जानकारियां प्राप्त की गईं।
जांच के दौरान किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार की औचक जेल चेकिंग नियमित रूप से की जाती रहेगी।



