पावटा उपखंड एवं प्रागपुरा थाना क्षेत्र के द्वारिकपुरा गांव में अज्ञात चोरों द्वारा बकरा चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पीड़ित पशुपालक अंकित वर्मा पुत्र गिरीराज वर्मा ने पुलिस थाना प्रागपुरा में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित ने बताया कि वह बकरी पालन कर अपने परिवार का जीवनयापन करता है। 29 जनवरी 2026 की शाम को वह प्रतिदिन की भांति अपनी बकरियों को घर के पास स्थित गुवाड़े में बंद कर सो गया था। देर रात्रि में अज्ञात व्यक्ति एक मारुति कार में आए और गुवाड़े से करीब 15 हजार रुपये मूल्य का एक बकरा चोरी कर ले गए।
अन्य बकरियों के शोर मचाने पर पीड़ित के पिता की नींद खुली, जिन्होंने चोरों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर मौके से फरार हो गए।
घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित अंकित वर्मा ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।



