जयपुर रेंज में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन एंटी-वेनम के तहत प्रागपुरा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश (IPS) एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (IPS) के निर्देशन में की गई। कोटपूतली एएसपी नाजिम अली खान और विराटनगर डीएसपी उमेश कुमार निठारवाल के सुपरविजन में प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने डीएसटी टीम से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महेन्द्र सैनी पुत्र श्री चन्द्र उर्फ रामचन्द्र, निवासी ढाणी निरबाला (भांकरी) थाना प्रागपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 168 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 8/22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा प्रकरण में गहन अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में टीम के सदस्य के रूप में कांस्टेबल कानि. अशोक कुमार, कानि. राजकुमार, कानि. महेश, कानि. प्रकाश एवं कानि. रामानंद ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



