कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिले में आगामी 16 अप्रैल को आयोजित होने वाले राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एसपी ने आसूचना अधिकारियों, लिंक आसूचना अधिकारियों, कालिका यूनिट, डीएसटी एवं एजीटीएफ टीमों के साथ संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया। उन्होंने पंचायत एवं निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण व्यक्तियों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रभावी आसूचना संकलन करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही एसपी ने जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) से समन्वय स्थापित कर 15 अप्रैल को जिला स्तर एवं 17 अप्रैल को संभाग स्तर पर आयोजित होने वाली स्कूली छात्र-छात्राओं की क्विज प्रतियोगिता को लेकर भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

कालिका यूनिट को निर्देशित करते हुए एसपी ने आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने राजकॉप ऐप के प्रचार-प्रसार, साइबर ठगी से बचाव, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गरिमा हेल्पलाइन 1090 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में अधिक से अधिक जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं को पोक्सो एक्ट और घरेलू हिंसा कानून के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में एएसपी नाजिम अली खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।



