जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा मांजूकोट से भूरीभड़ाज की ओर जाने वाले एमडीआर रोड पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना पर प्रागपुरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान द्वारिकापुरा निवासी ज्योति वर्मा (21) पुत्री राकेश बलाई को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके चचेरे भाई राजेश (18) पुत्र तेजपाल बलाई की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ उसे एसएमएस अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ज्योति और राजेश आपस में चचेरे भाई-बहन थे। ज्योति पावटा कस्बे के पास इंडेन गैस एजेंसी के समीप अपने चाचा तेजपाल बलाई के घर रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को परीक्षा देने के बाद रविवार सुबह दोनों भाई-बहन एमडीआर सड़क से घर जा रहे थे, तभी किसी वाहन की टक्कर से यह हादसा हो गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वे इस दर्दनाक हादसे से गहरे सदमे में हैं। इस संबंध में परिजन कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थे। प्रागपुरा थाना पुलिस व एएसआई धर्मेंद्र की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
उपजिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. रवि बंसल ने बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों भाई- बहनों को अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के बाद युवती को मृत घोषित किया गया, जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया।



