कस्बे से होकर गुजर रहे दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे सेंट्रल बैंक के सामने एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के अंबाला सिटी की वोल्वो डीलक्स बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसकी चपेट में दो-तीन अन्य वाहन भी आ गए और उन्हें भी आंशिक नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सुचारु कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की वोल्वो डीलक्स बस जयपुर से नारनौल होते हुए चंडीगढ़ जा रही थी। पावटा पुलिया के पास सेंट्रल बैंक के सामने बस चालक ओवरटेक करते हुए पहली लेन से दूसरी लेन में सवारी लेने के लिए मुड़ा और अचानक ब्रेक लगाने पर सामने चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर के बाद बोलेरो सहित अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रेलर चालक को सीने में चोट आई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। बोलेरो में सवार एक परिवार भी हादसे का शिकार हुआ, जिसमें वाहन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सभी सुरक्षित रहे।

वहीं प्रागपुरा के भूरीभड़ाज निवासी चालक रामप्रताप स्वामी के ट्रेलर (RJ 32 GD 0147) को भी काफी नुकसान हुआ। पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर ओवरटेकिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर संकेत करता है।



