पावटा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भूरी-भड़ाज में कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल के मुख्य आतिथ्य तथा भूरी-भड़ाज प्रशासक कैलाश चंद स्वामी की अध्यक्षता में 2 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक पटेल ने राजकीय पशु चिकित्सालय भवन का उद्घाटन किया। साथ ही बालाजी चौक MDR-230 से ढाणी झाड़ली तक अटल पथ सड़क निर्माण तथा विधायक कोष से निर्मित सड़कों—ठाकुर जी मंदिर से भैंसलाना सीमा ढाणी ज्यानकीदास वाली तक, भूरी-भड़ाज मुख्य रास्ते से मंजू के मकान की ओर, और धालेड़ा भूरी-भड़ाज सड़क—का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक पटेल ने कहा, गांव की तरक्की मजबूत सड़कों, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे से ही संभव है। हमारा प्रयास है कि हर ढाणी तक विकास की रोशनी पहुंचे और लोगों को मूलभूत सुविधाएं गांव में ही मिलें। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आवागमन सुगम होगा, पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

कार्यक्रम में भूरी-भड़ाज सरपंच कैलाश चंद स्वामी, द्वारिकपुरा सरपंच रोहित बायला, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट सुबेसिंह मोरोडिया, जिला पार्षद तेजपाल, हरिद्वारी लाल स्वामी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमल सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।




