प्रागपुरा कस्बे में आगामी 26 मार्च, गुरुवार को श्रीराम नवमी महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर कस्बे में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

समिति सदस्यों ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, अघोरी, राधा-कृष्ण तथा शंकर-पार्वती की सजीव झांकियां निकाली जाएंगी। शोभायात्रा में जयपुर की पंजाबी ढोल पार्टी की धुनों पर रेवाड़ी, अलवर तथा मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकार आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे।
शोभायात्रा दोपहर 3 बजे गुजेड़ा स्थित बांके बिहारी मंदिर से रवाना होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए सांयकाल में मुख्य बाजार स्थित सुभाष चौक पहुंचेगी, जहां यह एक सभा में परिवर्तित हो जाएगी। इसके बाद रात्रि में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रागपुरा के श्री आदर्श रामलीला मंडल के स्थानीय कलाकारों द्वारा राम दरबार की भव्य एवं सुसज्जित झांकी प्रस्तुत की जाएगी। वहीं कार्यक्रम में 11 फीट का गोरिल्ला भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
समिति सदस्यों के अनुसार महोत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और रामनवमी के दिन कस्बे में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलेगा।


