जिले के कोटपूतली कस्बे में पुलिस थाने के निकट स्थित उप डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ई-मेल जयपुर स्थित सीआईडी मुख्यालय को प्राप्त हुआ था, जिसमें कोटपूतली के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।

पासपोर्ट अधिकारी विष्णु यादव के अनुसार ई-मेल में पाकिस्तान से संचालित बताए गए अल बदर नेटवर्क का भी जिक्र किया गया था। ई-मेल देखते ही कार्यालय के कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए वहां मौजूद स्टाफ और पासपोर्ट बनवाने आए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवा दिया।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया। डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरड़क, थाना प्रभारी राजेश शर्मा और जिला विशेष शाखा के एसआई कश्मीर सिंह सहित भारी पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवाकर मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान भवन के हर हिस्से—छतों, कमरों, अलमारियों, फाइलों के ढेर और आसपास खड़े वाहनों तक की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके। ई-मेल में दक्षिण भारत के कोयंबटूर में सक्रिय बताए गए अल बदर नेटवर्क तथा करीब 2000 करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भी जिक्र किया गया था, जिससे मामला और अधिक गंभीर माना जा रहा है।
इस घटना के बाद कोटपूतली में घंटों तक अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल बना रहा। दूर-दराज से पासपोर्ट बनवाने और डाकघर के कार्यों के लिए आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने उन्हें अगले दिन आने की सलाह दी।
घंटों चली कड़ी तलाशी के बाद परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल जयपुर सीआईडी और स्थानीय पुलिस की विशेष टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। तकनीकी टीम की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान, लोकेशन और उसके स्रोत का पता लगाया जा रहा है। एहतियातन पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



