पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर बालाजी मेघा मार्ट के सामने बस स्टैंड के पास सड़क पार करते समय एक अधेड़ व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय घीसाराम शर्मा निवासी सरूण्ड के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब घीसाराम सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और वाहन का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने की लापरवाही भी सामने आई। ऐसे में प्रागपुरा थाना पुलिस ने तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को तुरंत अपने वाहन से पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

प्रागपुरा थानाधिकारी भजनाराम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पावटा उप जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. रवि बंसल ने पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल लाए जाने तक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।


