कोटपूतली-बहरोड़ जिले क्षेत्र में पंच गौरव योजना के अंतर्गत ‘एक जिला–एक प्रजाति (गुगल)’ कार्यक्रम के तहत वन विभाग द्वारा शनिवार को भाबरू नर्सरी में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य गुगल पौधे के संरक्षण, संवर्धन तथा इसके औषधीय व आर्थिक महत्व के बारे में किसानों, आम नागरिकों और वन विकास एवं प्रबंधन समितियों के सदस्यों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी, संभागीय मुख्य वन संरक्षक रामकरण खैरवा, एडीएम ओमप्रकाश सहारण, उप वन संरक्षक जयपुर (उत्तर) डी.पी. जागवत, सहायक वन संरक्षक तरुण प्रकाश यादव तथा मुख्य वक्ता सुमित नाथनी सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन विकास एवं प्रबंधन समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

वक्ताओं ने गुगल पौधे के औषधीय गुणों, पर्यावरणीय महत्व और किसानों के लिए इसके आर्थिक लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुगल एक महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है, जिसका उपयोग आयुर्वेदिक औषधियों में किया जाता है और इसका संरक्षण पर्यावरण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नर्सरी में तैयार किए जा रहे गुगल पौधों का अवलोकन भी कराया गया। साथ ही पौधों के रोपण और देखभाल की विधि के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी सहित अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर गुगल प्रजाति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा तथा अधिकाधिक पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।



