कोटपूतली-बहरोड़ (राजेश कुमार हाडिया)। नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे जिला अधिवक्ता सम्मेलन को लेकर बुधवार को जिला अभिभाषक संघ कोटपूतली द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान सम्मेलन से जुड़ी समस्त जानकारियां साझा करते हुए इसे जिले के अधिवक्ता इतिहास का ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाला आयोजन बताया गया।

जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट बजरंग लाल शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले भर के अधिवक्ताओं को एक मंच पर संगठित कर उनकी पहचान, सम्मान और भविष्य की दिशा तय करने वाला आयोजन है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव का सम्मान करना, युवा अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान करना तथा न्यायिक व्यवस्था से जुड़े समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।

कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट मनोज भूषण ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सम्मेलन में जिले के सभी सात उपखंडों से बड़ी संख्या में अधिवक्ता भाग लेंगे। सह-संयोजक एडवोकेट अशोक सुरेलिया ने इसे अधिवक्ता एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक कदम बताया।
मीडिया प्रभारी एडवोकेट मनोज चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन 08 जनवरी को प्रातः 11 बजे शरणम् पैराडाइज, कोटपूतली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विधायक हंसराज पटेल, विधायक कुलदीप धनकड़ एवं विधायक देवीसिंह शेखावत विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बहरोड़ बार अध्यक्ष एडवोकेट दाताराम यादव करेंगे।
सम्मेलन के दौरान वर्ष 1976 एवं 1987 से नामांकित वरिष्ठ अधिवक्ताओं तथा 40 वर्ष से अधिक अनुभव रखने वाले अधिवक्ताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही अधिवक्ता संगोष्ठी, अनुभव साझा सत्र एवं सामूहिक भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष एडवोकेट नरेंद्र सिंह शेखावत, सचिव एडवोकेट मुकेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष एडवोकेट अजय सिंह तंवर सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने जिले भर के अधिवक्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने हेतु अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।
जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष एडवोकेट बजरंग लाल शर्मा ने कहा कि नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले में यह पहला अवसर है जब जिले भर के अधिवक्ता इतनी बड़ी संख्या में एक मंच पर एकत्रित होंगे। यह सम्मेलन न केवल जिले की न्यायिक पहचान को मजबूती देगा, बल्कि अधिवक्ता एकता और सामूहिक आवाज को सशक्त बनाने का मजबूत आधार भी बनेगा। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और युवा वकीलों की ऊर्जा का यह संगम भविष्य की रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।



