सर्दी और कोहरे का कहर जारी, शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। उपखंड सहित आसपास के क्षेत्र में बीते कई दिनों से जारी प्रचंड सर्दी और कोहरे का सितम बुधवार को भी बरकरार रहा। सुबह के समय आसमान में कोहरे की हल्की चादर तनी रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। दोपहर बाद कुछ समय के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने से ठंड से राहत नहीं मिल सकी। दिनभर शीतलहर चलती रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता नजर आया।

सर्दी और कोहरे का कहर जारी, शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सर्दी और कोहरे का कहर जारी, शीतलहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त

सर्दी के तेवर तेज होते ही शाम ढलते ही बाजार समय से पहले ही बंद होने लगे। कड़ाके की ठंड और बर्फ जैसी शीत हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। गलन भरी ठंड से जनमानस ठिठुरता नजर आया और लोग सर्दी से बचाव के उपायों में जुटे रहे।

ठंड से बचने के लिए लोग दिनभर अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए, वहीं सड़क, चौराहों और बाजारों में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। तापमान में लगातार हो रही गिरावट से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कई दिनों से चल रही ठंडी हवाओं और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थिति यह रही कि जरूरी कार्यों से घर से निकलते समय लोग पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढंककर ही बाहर निकल रहे हैं। रोंगटे खड़े कर देने वाली ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और लोग किसी तरह सर्दी से बचने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।

Leave a Comment