पुलिस थाने का नाम सुनते ही आमतौर पर सुरक्षा, कानून व्यवस्था और वायरलेस संचार की तस्वीर सामने आती है, लेकिन प्रागपुरा पुलिस थाने में इन दिनों एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। थाने के परिसर में खड़े वायरलेस टावर पर नीचे से लेकर काफी ऊंचाई तक बेल इस तरह फैल गई है कि दूर से देखने पर टावर हरियाली से लिपटे किसी ऊंचे पेड़ जैसा दिखाई देता है।

टावर के चारों ओर मौजूद पेड़-पौधों के बीच बेल ने अपनी जगह बनाते हुए उसके ऊपरी हिस्से तक पहुंच बना ली है। आसमान की पृष्ठभूमि में खड़ा यह हरा-भरा टावर राहगीरों और आसपास के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। गत सप्ताह हुई बारिश के बाद में बेल पर आई हरियाली ने पूरे दृश्य को और भी आकर्षक बना दिया है। आमतौर पर वायरलेस टावर लोहे के ढांचे के रूप में नजर आते हैं, लेकिन प्रागपुरा थाने का यह टावर फिलहाल प्रकृति के रंग में रंगा दिखाई दे रहा है।

बेल की लताओं ने टावर के ढांचे को काफी हद तक ढक लिया है। बदलते मौसम के साथ इसकी हरियाली भी लोगों के लिए कौतूहल का विषय बनी हुई है। हालांकि, बेल के लगातार ऊपर तक फैलने के कारण टावर और वायरलेस उपकरणों के नियमित रखरखाव एवं तकनीकी निरीक्षण की जरूरत भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
पुलिस संचार व्यवस्था में वायरलेस प्रणाली की अहम भूमिका होने के कारण संबंधित तकनीकी कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर इसकी स्थिति जांचना जरूरी है, ताकि हरियाली के बीच संचार व्यवस्था प्रभावित न हो। फिलहाल प्रागपुरा थाने का यह ‘ग्रीन वायरलेस टावर’ प्रकृति के अनोखे रूप और हरियाली का खूबसूरत उदाहरण बना हुआ है। जहां पुलिस थाना कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालता है, वहीं परिसर में प्रकृति ने अपने अंदाज में हरियाली की तस्वीर सजा दी है।