प्रागपुरा थाना क्षेत्र के गांव लाडाकाबास की ढाणी सुरली में 14 जनवरी को हुई लाखों के आभूषण व नकदी चोरी की घटना का खुलासा दस दिन बाद भी नहीं होने पर ग्रामीणों में पुलिस की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित रामनिवास यादव पुत्र गोपाल यादव ने रिपोर्ट में बताया कि रात्रि करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर बड़ा एवं छोटा बक्सा सहित कई सामान चुरा लिये। बाद में चोरों ने बक्से को सड़क किनारे तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं 25-30 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये।

घटना के खुलासे में देरी होने पर बुधवार को पूर्व सरपंच मदन यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रागपुरा थाने में पहुंचकर थानाधिकारी भजनाराम से मुलाकात की तथा शीघ्र खुलासे की मांग की। ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने कोटपुतली एएसपी नाज़िम अली एवं विराटनगर डीएसपी उमेश निठारवाल से दूरभाष पर बात कर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर चिंता जताई।

सामाजिक कार्यकर्ता विकास यादव ने कहा कि “पूरे सीओ सर्किल क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस की धीमी कार्रवाई से जनता में निराशा है।” ग्रामीणों ने पुलिस को खुलासे के लिये 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो सामूहिक रणनीति के तहत आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान जीएसएस अध्यक्ष किशन चौरिया, उपसरपंच कैलाश, सुरेश सैनी, विक्रम, जयराम, ओमप्रकाश, भागीरथ लाठा, मुकेश समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस ने वारदात की जांच जारी होने की बात कहते हुए शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है।



