बहरोड़ से पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को खेल सामग्री खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई स्कूलों में क्रिकेट किट एवं अन्य खेल सामग्री वितरण से जुड़े मामले में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:30 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी को रोका गया। इस दौरान सादा वर्दी में मौजूद अधिकारियों एवं सीआरपीएफ जवानों ने उन्हें अपने साथ ले लिया। बताया जा रहा है कि उन्हें जयपुर ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान टोल प्लाजा के कार्यालय में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
मामला वर्ष 2022 में विधायक निधि से सरकारी स्कूलों में खेल सामग्री वितरण से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि खेल उपकरणों की खरीद बाजार दर से अधिक कीमत पर की गई और सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे। इस मामले में कुल राशि लगभग 3.72 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जनवरी 2025 में भी ED की टीम ने बलजीत यादव एवं उनके सहयोगियों के जयपुर, अलवर और दौसा सहित 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी।
इस मामले में कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव ने कहा कि खेल सामग्री वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं, जिनकी जांच के बाद यह कार्रवाई हुई है।
देर रात तक ED की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।


