कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मेड क्षेत्र अंतर्गत बिहाजर ग्राम में शनिवार की सुबह कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार पुरावाला पंचायत के ग्राम छिंड निवासी बाबूलाल गुर्जर अपने खेत स्थित ट्यूबवेल पर नियमित कृषि कार्य कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने मोटर का स्टार्टर चालू किया, अचानक उसमें 11 हजार वोल्ट का करंट प्रवाहित हो गया। तेज विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन एवं ग्रामीण उन्हें तत्काल मेड सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

गोपाल फागना तथा जीएसएस चेयरमैन पुरावाला दयाशंकर शर्मा ने बताया कि यह हादसा बिजली लाइन में अचानक हाई वोल्टेज आने के कारण हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाबूलाल गुर्जर चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे तथा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
किसान नेता डालचंद गुर्जर और झब्बू गुर्जर ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सूचना देने के बावजूद करीब ढाई घंटे तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी घटनास्थल पर आया। बाद में पुलिस पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मेड पुलिस चौकी केवल एक कांस्टेबल के भरोसे संचालित हो रही है। किसी भी गंभीर घटना की स्थिति में लगभग 15 किलोमीटर दूर विराटनगर थाने से पुलिस बुलानी पड़ती है, जिससे समय पर कार्रवाई प्रभावित होती है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि मेड क्षेत्र में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन चौकी पर जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।



