कांग्रेस नेता एवं जयपुर हाईकोर्ट के अधिवक्ता देवांश सिंह ने प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव पुनः प्रारंभ करवाने की मांग को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।

देवांश सिंह ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा उच्च शिक्षा मंत्री व उपमुख्यमंत्री प्रेमचन्द बैरवा को भेजे ज्ञापन में छात्रहितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र चुनाव कराने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न परिस्थितियों के चलते छात्रसंघ चुनाव स्थगित कर दिए थे। अब जबकि शैक्षणिक वातावरण सामान्य हो चुका है, ऐसे में इस वर्ष प्रदेशभर में पूर्व की भांति नियमित और सुचारू रूप से छात्रसंघ चुनाव करवाना आवश्यक है।
देवांश सिंह ने कहा कि प्रदेश के हजारों विद्यार्थी छात्रसंघ चुनावों की बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध कार्यक्रम घोषित कर चुनाव संपन्न कराए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली सीढ़ी होते हैं। इन्हीं चुनावों से छात्र नेतृत्व उभरता है, जो आगे चलकर प्रदेश और देश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाता है। छात्रसंघ व्यवस्था युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करती है।
देवांश सिंह द्वारा ज्ञापन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर छात्रसंघ चुनाव आयोजित कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का उनका अधिकार सुनिश्चित हो सके।



