ग्राम उत्थान शिविर के अंतर्गत गिरदावर सर्किल दांतिल में 06 फरवरी 2026 को आयोजित एक दिवसीय विशेष शिविर में खेती में नवाचार की प्रेरक कहानी सामने आई। ग्राम पंचायत द्वारिकपुरा निवासी किसान अमर सिंह यादव ने फार्म पॉण्ड (खेत तलाई) और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय और उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है।

अमर सिंह यादव ने बताया कि पहले जल संसाधनों की कमी के कारण वे सीमित खेती कर पाते थे। कृषि विभाग के मार्गदर्शन में उन्होंने फार्म पॉण्ड योजना में आवेदन किया, जिस पर उन्हें ₹1,35,000 का अनुदान मिला। खेत में फार्म पॉण्ड बनने से वर्षा जल का संग्रह संभव हुआ और पूरे साल सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध रहने लगा। इसके बाद उन्होंने ड्रिप सिंचाई, सिल्वर मल्चिंग, सोलर पैनल आधारित सिंचाई, लो-टनेल और शेड नेट जैसी हाईटेक तकनीकों को अपनाया।

इन तकनीकों से 50-60 प्रतिशत पानी की बचत, खरपतवार में कमी, लागत घटने और बेहतर गुणवत्ता की सब्जी उत्पादन संभव हुआ। वर्तमान में वे खीरा, करेला, टमाटर, प्याज, मिर्च सहित कई सब्जियों की उन्नत खेती कर रहे हैं। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उनकी वार्षिक आय लगभग ₹10 लाख तक पहुंच गई है। आसपास के किसान भी उनके खेत का भ्रमण कर इन तकनीकों की जानकारी ले रहे हैं।

अमर सिंह इस परिवर्तन का श्रेय राजस्थान सरकार, कृषि विभाग और ग्राम पंचायत के सहयोग को देते हैं। इसी शिविर में शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी डॉ. साधना शर्मा की मौजूदगी में ग्रामीणों को पट्टे वितरित किए गए तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में पावटा तहसीलदार, पंचायत समिति पावटा के विकास अधिकारी सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



