कोटपूतली-बहरोड़ जिले में आगामी त्यौहार 02 मार्च को होलिका दहन एवं 03 मार्च को धुलंडी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस थाना विराटनगर में सीएलजी एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन कोटपूतली-बहरोड़ सह-जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई, (आईपीएस) के निर्देशानुसार किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान (आरपीएस) के निर्देशन एवं वृताधिकारी विराटनगर उमेश कुमार निठारवाल (आरपीएस) के सुपरविजन में थाना प्रभारी सोहन लाल, पुलिस निरीक्षक द्वारा बैठक संपन्न कराई गई।
बैठक में थाना क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, शांति समिति प्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या असामाजिक गतिविधि को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित जनों से अपील की कि होली के पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने हर वर्ष की भांति इस बार भी होलिका दहन एवं धुलंडी का पर्व शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की सहमति व्यक्त की।



