कोटपूतली-बहरोड़। विकसित भारत योजना को लेकर कांग्रेस नेता एवं एडवोकेट देवांश सिंह ने केंद्र सरकार पर सीधा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार चुनावी माहौल में जनता के बीच भ्रम और उम्मीद का कृत्रिम वातावरण तैयार कर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है।

सिंह का कहना है कि विकसित भारत योजना कागजी तौर पर आकर्षक जरूर दिखाई देती है, लेकिन जमीनी स्तर पर यह महज नया चुनावी पैकेज भर है, जिसका उद्देश्य वोट हासिल करने के लिए विकास का सपना परोसा जाना है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने कई योजनाएँ शुरू कीं, लेकिन न बेरोजगारी कम हुई और न ही लोगों पर आर्थिक दबाव घटा। उन्होंने आरोप लगाया कि नए नामों और चमकदार पैकेजों के पीछे सिर्फ राजनीतिक नारेबाजी छिपी हुई है, जिसका असली लाभ किसान, युवा, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों तक नहीं पहुँच पा रहा।
सिंह ने इस योजना को ‘जनता को भ्रमित करने वाला नया राजनीतिक पैकेज’ बताते हुए कहा कि बीजेपी हर चुनाव से पहले नए स्लोगन ले आती है, लेकिन जब काम की समीक्षा होती है तो विकास आंकड़ों में नजर नहीं आता।
देवांश सिंह ने सरकार से सवाल किया कि विकसित भारत योजना में रोजगार बढ़ाने, कृषि सुधार और आर्थिक सुरक्षा के कौन से ठोस कदम शामिल हैं और इससे आखिर कौन-सा वर्ग लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि देश में महँगाई और बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर है और ऐसे समय में केवल योजनाओं के नाम बदलने से विकास नहीं आएगा।
सिंह का दावा है कि जनता अब कागजी विकास और वास्तविक सुधारों में अंतर समझने लगी है और एकतरफा घोषणाओं की राजनीति को चुनौती देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यही मुद्दे सत्ता की जवाबदेही तय करेंगे।



