पावटा–प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के भांकरी गांव के मालियों की ढाणी में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक गौवंश करीब 150 फीट गहरे सूखे कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही बजरंग दल एवं गौरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और बोरिंग करने वाली मशीन के लाव (रस्सों) की मदद से घंटों मशक्कत कर गौवंश को बाहर निकाला।

पावटा बजरंग दल प्रखंड संयोजक पवन शर्मा ने बताया, सूचना मिलते ही हमारी टीम मालियों की ढाणी मौके पर पहुंची। कुआं बेहद गहरा और सूखा था। मशीन और रस्सों की सहायता से गौवंश को बाहर निकाला गया, लेकिन तीन दिन तक कुएं में फंसे रहने, भूख-प्यास और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। यह बेहद पीड़ादायक दृश्य था।

मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से ऐसे खुले मुंह के कुओं को तत्काल चिन्हित कर बंद कराने की मांग की। उनका कहना था कि क्षेत्र में कई ऐसे खुले कुएं हैं, जो पशुओं और लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
इस दौरान पवन शर्मा, नितेश शर्मा, सुभाष सिंह राजनोता, सचिन सिंह, अजय सिंह, गुड्डू, दिनेश, करतार, जीपी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि खुले पड़े कुओं पर तुरंत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



