राजस्थान विधानसभा में खंडेला विधायक सुभाष मील ने सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के सम्मान से जुड़ा एक अहम विषय उठाते हुए संत शिरोमणि सैन महाराज के नाम पर प्रदेश स्तरीय राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग रखी। इस पहल के सामने आते ही नाई (सैन) समाज में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल बन गया।

इस मांग का स्वागत करते हुए श्री नारायणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि सैन ने विधायक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संत सैन महाराज का जीवन केवल नाई समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उनके त्याग, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को सम्मान देने के लिए राज्य स्तर पर अवकाश घोषित किया जाना एक सराहनीय पहल होगी।

रवि सैन ने कहा, विधानसभा जैसे सर्वोच्च मंच पर समाज की भावनाओं से जुड़े इस विषय को उठाना वास्तव में सम्मान की बात है। इससे समाज में आत्मगौरव और पहचान मजबूत होगी।
श्री नारायणी सेना ने राज्य सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। वहीं इस मुद्दे के उठने के बाद प्रदेशभर में नाई सैन समाज और संत सैन महाराज के अनुयायियों में उत्साह देखा जा रहा है। समाज के लोगों को उम्मीद है कि आगामी सैन जयंती तक सरकार इस दिशा में ठोस निर्णय लेगी।
नारायणी सेना के प्रदेश मीडिया प्रभारी पहलाद सैन, कोटपूतली-बहरोड़ जिलाध्यक्ष संजय सैन (पावटा) और जिला उपाध्यक्ष कमलेश सैन सहित कई पदाधिकारियों ने विधायक सुभाष मील के प्रति आभार व्यक्त किया।


