महान क्रांतिकारी शहीद भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीद दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 22 मार्च रविवार को पावटा ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भैंसलाना में प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर के आयोजक युवा नेता कृष्ण सांपला ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अधिक से अधिक रक्त संग्रह करना है।
सोमवार को रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद तारा पूतली द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का महान कार्य है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि “आपका एक छोटा सा प्रयास किसी के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकता है।”
आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेकर मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाएं।



