कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। राज्य सरकार द्वारा बुधवार तड़के जारी की गई 65 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में कोटपूतली-बहरोड़ जिले को नई जिला कलक्टर मिल गई हैं। लगभग 9 माह से जिले की कमान संभाल रहीं 2014 बैच की आईएएस अधिकारी प्रियंका गोस्वामी का तबादला जयपुर कर दिया गया है। उनके स्थान पर आईएएस अधिकारी अपर्णा गुप्ता को कोटपूतली-बहरोड़ का नया जिला कलक्टर नियुक्त किया गया है।

अपर्णा गुप्ता इससे पूर्व बीकानेर विकास प्राधिकरण में आयुक्त पद पर कार्यरत थीं और अपने कुशल प्रशासनिक अनुभव के लिए जानी जाती हैं। मूलतः नई दिल्ली की निवासी अपर्णा गुप्ता ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2018 में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। उन्होंने बी.ई. (ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग) एवं एम.ए. (पब्लिक मैनेजमेंट) जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ, चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की सीईओ, गृह विभाग जयपुर में संयुक्त सचिव तथा शहरी विकास विभाग में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में उदयपुर स्मार्ट सिटी को वर्ष 2023 में भारत सरकार द्वारा नॉर्थ जोन का बेस्ट स्मार्ट सिटी अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ था।
वहीं, निवर्तमान कलक्टर प्रियंका गोस्वामी को जयपुर में स्टेट मिशन निदेशक (आजीविका परियोजनाएं एवं स्वयं सहायता समूह) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लगातार चौथी बार महिला अधिकारी को जिला कलक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे प्रशासन में महिला नेतृत्व की मजबूत उपस्थिति और सरकार के विश्वास का स्पष्ट संकेत मिलता है।
अपर्णा गुप्ता के अनुभव, नवाचार और प्रभावी कार्यशैली को देखते हुए जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आमजन को उनसे पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन की अपेक्षा है।
अब देखना यह होगा कि उनके नेतृत्व में कोटपूतली-बहरोड़ जिला विकास के कौन-कौन से नए आयाम स्थापित करता है।



