कस्बे के भगवान श्री परशुराम मंदिर प्रांगण में बुधवार को भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। तहसील ब्राह्मण सभा एवं जन्मोत्सव आयोजन समिति की यह बैठक अध्यक्ष नवरत्न शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी जन्मोत्सव पखवाड़ा हर्षोल्लास एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा।

बैठक में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय करते हुए बताया गया कि अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) को भगवान परशुराम का पंचामृत अभिषेक, शिव रुद्राभिषेक, विशेष पोशाक धारण, पुष्प सज्जा, भोग, नाम संकीर्तन तथा संगीतमय सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इसके साथ ही 26 अप्रैल को शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला जाएगा, जिसमें आकर्षक झांकियां, सजावट और भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महामंत्री वी.के. नवल ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने एवं अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न टोलियों का गठन किया गया है। ये टीमें शहर सहित तहसील के गांवों और ढाणियों में घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगी।
बैठक में ब्राह्मण समाज के संरक्षक पं. किशोरी लाल शर्मा, पं. सूर्यकांत शर्मा, पं. मूलचंद शर्मा, मंदिर समिति अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा गिरदावर सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



