पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। निकटवर्ती ग्राम रामपुरा की ढाणी राज्योंड़ा में आम रास्ते पर लंबे समय से हो रहे जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि किचड़, गंदगी और पानी जमा होने से रास्ता कीचड़युक्त होकर दुर्गम हो गया है, जिससे दैनिक आवागमन बाधित हो रहा है।

स्थानीय निवासी धर्मपाल पटेल एवं जगदीश गुर्जर ने बताया कि स्थिति इतनी खराब है कि आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। बारिश होने पर हालात और बदतर हो जाते हैं तथा रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो जाता है।
ग्रामीण प्रहलाद और राधेश्याम ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान ढलान (स्लोप) का सही ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। थोड़ी-सी बारिश या आसपास के पानी के बहाव से रास्ता कई घंटों तक नहीं बल्कि दिनों तक डूबा रहता है।
ग्रामीणों ने कहा कि मौजूदा हालात में पैदल चलना, दुपहिया चलाना और बच्चों का निकलना काफी जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान और पक्की निकासी व्यवस्था की मांग की है।



