नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा क्षेत्र में गुरुवार को भूरे रंग के एक आवारा स्वान ने अचानक आक्रामक रूप धारण कर मुख्य बाजार सहित कई वार्डों में दहशत फैला दी। सुभाष चौक, प्रभात कॉलोनी, सीनियर स्कूल के पास और नाइयों के मोहल्ले समेत विभिन्न स्थानों पर राह चलते लोगों पर हमला कर कुल 13 लोगों को घायल कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्वान अचानक लोगों पर झपट्टा मारकर काट रहा था, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में 65 वर्षीय कृष्णा देवी, 60 वर्षीय घीसी देवी मीणा, 45 वर्षीय राजेश सैनी (कोटपूतली), 16 वर्षीय कोमल वर्मा (ढाणी गैसकान), अनिल यादव (20), श्याम महाजन (38), सुरेश यादव (द्वारिकपुरा), ग्यारसी लाल स्वामी (भांकरी), सारा देवी बंजारा (थानागाजी), विकास राजपूत, विकास रेगर (बड़नगर), 72 वर्षीय शांति देवी मीणा और 18 वर्षीय नवीन स्वामी (मंढ़ा) सहित अन्य शामिल हैं।

घटना के बाद सभी घायलों को राजकीय उपजिला अस्पताल पावटा लाया गया। अस्पताल के पीएमओ डॉ. रवि बंसल एवं डॉ. राजेश डूचानिया ने बताया कि 13 मरीजों को एंटी-रेबीज वैक्सीन व प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल घीसी देवी मीणा, विकास राजपूत और शांति देवी मीणा को बेहतर उपचार हेतु सवाई मानसिंह हॉस्पिटल जयपुर रेफर किया गया।

घटना को गंभीर मानते हुए पावटा एसडीएम साधना शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया तथा नगरपालिका व चिकित्सा विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के अधिशासी अधिकारी फतेह सिंह मीणा ने बताया कि आक्रामक स्वान को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। जल्द ही आवारा स्वानों की धरपकड़ व टीकाकरण अभियान को और तेज किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट देवांश सिंह ने नगर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की। वहीं प्रागपुरा के जितेन्द्र यादव ने नियमित निगरानी और विशेष नियंत्रण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
इसी बीच दोपहर बाद आडा गैला भांकरी रोड, कल्याणपुरा के पास नदी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक भूरे रंग के स्वान की मृत्यु की सूचना मिली। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि संभवतः वही स्वान था जिसने दिनभर लोगों को घायल किया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि शेष है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और आमजन ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।



