राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भांकरी में गुरुवार को मुख्यमंत्री निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा 9वीं की 23 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य शेर सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि आशिष धनकड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचायत समिति सदस्य मुखराम धनकड़ तथा बुधराम गढ़वाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि आशिष धनकड़ ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में नियमितता आएगी।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य मुखराम धनकड़ ने कहा कि “एक शिक्षित बेटी दो परिवारों को संवारती है।” उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा समाज के समग्र विकास और आर्थिक स्वावलंबन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य शेर सिंह ने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा और उनका स्कूल आना-जाना अधिक सुरक्षित व आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही है।
इस दौरान विद्यालय स्टाफ, अभिभावक तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे और छात्राओं को साइकिल मिलने पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



