पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत पावटा मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग महरोज मोड़ स्थित पंसारी रिसोर्ट में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वर्ग गीत के साथ हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

प्रशिक्षण वर्ग में कुल सात सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठन, विचारधारा और कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विरेंद्र राठी ने की, जिसमें वक्ता गुड्डू सैनी ने भाजपा के इतिहास एवं विकास पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र में मंडल महामंत्री श्रीकांत शर्मा की अध्यक्षता में शाहपुरा प्रत्याशी उपेन यादव ने बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम के महत्व पर जानकारी दी।
तृतीय सत्र की अध्यक्षता खेमसिंह ने की, जिसमें हीरालाल रावत ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से बताया। चतुर्थ सत्र में तेजपाल गुर्जर की अध्यक्षता में मनोज भूषण ने संगठन विस्तार की रणनीति पर विचार रखे। पंचम सत्र में पूर्व मंडल उपाध्यक्ष मामराज गुर्जर की अध्यक्षता में अशोक सुरेलिया ने कार्य पद्धति पर मार्गदर्शन दिया।
अन्य सत्रों में रविंद्र सिंह शेखावत ने वैचारिक अधिष्ठान पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि जिला महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो एप एवं सरल एप के उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और अनुशासन पर आधारित होती है। हमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में सफलता सुनिश्चित करनी है।”
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि निर्मल पंसारी, एससी मोर्चा जिला महामंत्री बद्री प्रसाद चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश राठी, पूर्व सरपंच पूरण मीणा, रमेश मोदी, बलेश्वर जाट, अमित शर्मा, प्रदीप टांक, मनोज नारायण शर्मा, जीएल कुमावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और आगामी चुनावों के लिए रणनीतिक सोच का संचार हुआ।



