

आक्रोशित व्यापारियों ने लगाया जाम, विधायक व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
कोटपूतली-बहरोड़। प्रागपुरा कस्बे में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए प्रागपुरा थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर एक ही रात में चार दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह सनसनीखेज वारदात प्रागपुरा बड़ी पुलिया–नारायणपुर मोड़ के व्यस्त मार्ग पर हुई, जहां से जोधपुरा, भांकरी, कारोली होते हुए नारायणपुर सहित कई गांवों का आवागमन दिन-रात बना रहता है। इसके बावजूद चोरों का बेखौफ होकर चोरी को अंजाम देना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

चोरों ने नारायणपुर मोड़ स्थित हरिओम जनरल स्टोर, श्रीश्याम मिष्ठान भंडार, एम.एस. मोबाइल शॉप तथा मानवी हेल्थ केयर मेडिकल को निशाना बनाया। रात के अंधेरे में ताले और शटर के कुंदे तोड़कर दुकानों में घुसे चोर नगदी लेकर फरार हो गए।

हरिओम जनरल स्टोर के मालिक विक्रम सिंह शेखावत ने करीब 10 हजार रुपये चोरी होने की जानकारी दी। वहीं शीशपाल सैनी ने बताया कि श्रीश्याम मिष्ठान भंडार से लगभग 35 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई। एम.एस. मोबाइल शॉप के संचालक ईश्वर सैनी के अनुसार करीब 28 हजार रुपये तथा मानवी हेल्थ केयर मेडिकल के संचालक अंकित सिंघल के यहां से लगभग 22 हजार रुपये की नगदी चोरी हुई है।

सुबह दुकानदार जब अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, उखड़े शटर और बिखरा सामान देखकर दंग रह गए। एक-एक कर चोरी की जानकारी सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से नाराज ग्रामीणों व व्यापारियों ने नारायणपुर मोड़ पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने क्षेत्रीय विधायक कुलदीप धनकड़ के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम मय पुलिस जाप्ते मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। कड़ी मशक्कत के बाद जले हुए टायरों पर पानी डालकर सड़क मार्ग को सुचारू कराया गया।
व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी सुदृढ़ करने तथा शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल चोरी की घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
अब देखना यह है कि पुलिस कितनी तेजी से इस गंभीर मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है, क्योंकि यह मामला केवल व्यापारियों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि कस्बे की कानून-व्यवस्था की साख से भी जुड़ा हुआ है।





