कोटपूतली जिले में ‘अधूरे मापदंड’ के साथ दौड़ रही बाल वाहिनियां, कार्यवाही में 13 जप्त

विराट नगर प्रशासन के औचक निरीक्षण में परिवहन शर्तों का उल्लंघन करते मिली बाल वाहिनियां

सवाल-  बच्चों की जान से खिलवाड़ क्यों ?

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली-बहरोड़। क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बाल वाहिनियों के विरुद्ध विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर संचालित वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिससे विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।

कोटपूतली जिले में 'अधूरे मापदंड' के साथ दौड़ रही बाल वाहिनियां, कार्यवाही में 13 जप्त

विराटनगर थाना क्षेत्र में गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न विद्यालयों में उपयोग में ली जा रही बाल वाहिनियों का निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 30 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से बड़ी संख्या में वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। जांच में 13 बाल वाहिनियों के चालान बनाए गए। एक वाहन फिटनेस नहीं होने पर तथा एक वाहन की भौतिक स्थिति खराब पाए जाने पर जब्त किया गया। वहीं, 10 वाहनों को बिना कैमरा और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने पर जब्त किया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई बाल वाहिनियों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा था, जो सीधे तौर पर बच्चों की जान से खिलवाड़ है। इस पर टीम ने विद्यालय संस्था प्रधानों को सख्त निर्देश दिए कि तय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक बाल वाहिनी में चालक के साथ एक सहयोगी (अटेंडेंट) की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो सके।

विराट नगर थाना अधिकारी सोहनलाल व परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।