पावटा कस्बे में स्वर्णकार समाज के साथ विश्वासघात का गंभीर मामला सामने आया है। घंटाघर क्षेत्र में रहकर गहनों की गढ़ाई का कार्य करने वाले चार बंगाली कारीगर करीब 600 ग्राम सोना और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सोने की बाजार कीमत लगभग 96 लाख रुपये आंकी जा रही है।

मैड क्षत्रिय सर्वणकार समाज के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने प्रागपुरा पुलिस थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सोने की बरामदगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी नाजिम अली (उर्फ कोकन बंगाली) पिछले लगभग 15 वर्षों से पावटा में रहकर स्वर्ण कारीगरी का कार्य कर रहा था। लंबे समय से काम करने के कारण स्थानीय व्यापारियों का उस पर गहरा विश्वास था। सोमवार रात करीब 1:30 से 2:00 बजे तक कारीगर कार्यशाला में काम करते देखे गए, लेकिन मंगलवार सुबह जब व्यापारी पहुंचे तो उनका ठिकाना खाली मिला और मोबाइल फोन भी बंद थे। आरोपी घरेलू सामान छोड़कर केवल सोना और नकदी लेकर फरार हो गए।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों के पास विभिन्न व्यापारियों का सोना गढ़ाई के लिए था। पीड़ितों में श्रवण कुमार सोनी के 42 ग्राम, नन्द किशोर सोनी के 122 ग्राम, भौनावास निवासी पवन कुमार सोनी के 200 ग्राम, वंदना सोनी के 15 ग्राम, ललाना निवासी सुधीर सोनी के 93 ग्राम, अभिषेक सोनी के 25 ग्राम, संतोष कुमार सोनी के 47.200 ग्राम, पावटा निवासी मोहन लाल सोनी के 61 ग्राम सोना एवं 7 लाख रुपये, सियाराम सोनी के 30 ग्राम, महेश गोविंद सोनी के 10 ग्राम, अनिश बंगाली के 3.250 ग्राम तथा हबीब बंगाली के 61 ग्राम सहित करीब एक दर्जन व्यापारियों का सोना शामिल है।
समाज अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने कहा कि वर्षों से विश्वास के आधार पर काम चल रहा था, लेकिन इस घटना से स्वर्णकार समाज को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। घटना के बाद समाज में रोष व्याप्त है और पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



