पावटा उपखंड क्षेत्र के ग्राम दाँतिल निवासी राजपाल सिंह भाटी ने अपने उत्कृष्ट कार्य से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जयपुर ट्रैफिक पुलिस में कार्यरत राजपाल सिंह भाटी को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित भव्य समारोह में “बेस्ट ट्रैफिक पुलिस अवार्ड” से सम्मानित किया गया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, नियमों के प्रभावी पालन तथा जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण के लिए प्रदान किया गया। जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें प्रशंसा पत्र और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और गणमान्यजनों ने उनके कार्य की भूरि-भूरि सराहना की।

राजपाल सिंह भाटी अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार, अनुशासन और सकारात्मक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने जयपुर की व्यस्त सड़कों पर यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ आमजन में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनका योगदान सुरक्षित और सुव्यवस्थित जयपुर के निर्माण में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर ग्राम दाँतिल सहित पूरे पावटा क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



